लखनऊ के वीवीआईपी इलाके में दबंगों का तांडव
राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
कानपुर नंबर की कार से आए हमलावरों ने शादी समारोह के बाहर मचाया उत्पात
खनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी के थाना सुशांत गोल्फ सिटी अंतर्गत 'द ग्रैंड कैशा' लान के बाहर बीती रात अज्ञात दबंगों ने जमकर उत्पात मचाया। हमलावरों ने अखिल भारतीय हिंदू महासभा के प्रदेश अध्यक्ष शैलेंद्र अग्निहोत्री की फॉर्च्यूनर कार (UP 32 PP 9111) को निशाना बनाते हुए ईंट-पत्थरों से हमला कर उसे बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के समय श्री अग्निहोत्री अपने परिवार के साथ एक वैवाहिक कार्यक्रम में सम्मिलित होने रायबरेली से लखनऊ आए थे। यह सनसनीखेज वारदात रात करीब 9:58 बजे की है। जब शैलेंद्र अग्निहोत्री लुलु मॉल के पास स्थित लान के भीतर समारोह में व्यस्त थे, तभी बाहर खड़ी उनकी गाड़ी पर हमलावरों ने धावा बोल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों और सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, हमलावर कानपुर पासिंग नंबर की होंडा सिटी कार (UP 78 EY 1717) से आए थे। हमलावरों ने इतनी बेरहमी से पत्थरबाजी की कि गाड़ी के सामने का शीशा और बॉडी पूरी तरह चकनाचूर हो गई। गनीमत रही कि हमले के वक्त गाड़ी के भीतर कोई मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ी जनहानि हो सकती थी।
शैलेंद्र अग्निहोत्री रायबरेली और लखनऊ के सामाजिक हलकों में एक प्रतिष्ठित नाम हैं। संगठन के प्रति उनकी निष्ठा और समाजसेवा के लिए चर्चित व्यक्तित्व पर राजधानी के पॉश इलाके में इस तरह का हमला पुलिसिया इकबाल पर बड़ा प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर गहरा रोष है कि यदि समाज के प्रतिष्ठित व्यक्ति ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा का क्या होगा? सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक सुशांत गोल्फ सिटी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और हमलावरों की कार के नंबर व सीसीटीवी फुटेज को साक्ष्य के रूप में कब्जे में ले लिया है। पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान लगभग सुनिश्चित कर ली गई है। पुलिस प्रशासन ने विश्वास दिलाया है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। फिलहाल, इस घटना के बाद से सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में तनाव का माहौल है। हिंदू महासभा के समर्थकों ने हमलावरों के विरुद्ध कठोरतम दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है।